चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो – राकेश सदेजा

वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र में अपहरण के मामले में पुलिस ने सोमवार को 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 17 वर्षीय किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने किशोरी से प्रेम संबंध होने और उसे अपने साथ ले जाने की बात बताई।
15 अगस्त को दर्ज हुआ था मुकदमा
किशोरी के परिजनों ने 15 अगस्त को कपसेठी थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी घर से बिना बताए चली गई है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
बहरी नाला बॉर्डर से पकड़ा गया
किशोरी की तलाश के लिए पुलिस ने टीम गठित की थी। सोमवार को पुलिस संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी किशोरी के साथ बहरी नाला बॉर्डर के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर आशीष जैसवार को पकड़ लिया और किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में प्रेम संबंध की बात कही
पुलिस के अनुसार, आशीष ने पूछताछ में बताया कि वह किशोरी से प्रेम करता था और उसे अपने साथ लेकर जा रहा था। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से क्षमा भी मांगी। आरोपी की पहचान आशीष जैसवार पुत्र संतोष कुमार जैसवार, निवासी शिवदासपुर, थाना कपसेठी, वाराणसी के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष है।
पुलिस ने किशोरी को उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।



