HomeUncategorizedकाशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार और धन उगाही का मामला,...

काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार और धन उगाही का मामला, पांच आरोपी गिरफ्तार

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार कर अवैध रूप से धन उगाही करने वालों के खिलाफ वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चौक थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं से पैसे वसूलने और विवाद करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध के पर्यवेक्षण में चौक पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

श्रद्धालुओं से पैसे लेकर दर्शन कराने का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 के आसपास कुछ व्यक्ति दर्शनार्थियों से पैसे लेकर स्पर्श दर्शन कराने के नाम पर विवाद कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, कुछ लोग श्रद्धालुओं को घेरकर उनसे पैसे मांग रहे थे। मना करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिससे मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

पांच आरोपियों पर निरोधात्मक कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के आरा जिले के निवासी लाल बाबू पांडेय (35 वर्ष), वाराणसी निवासी आशीष पांडेय (24 वर्ष), रवि पांडेय (44 वर्ष), मऊ निवासी पवन दुबे (20 वर्ष) और दरभंगा बिहार निवासी सुशील कुमार दास (21 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया है।

मंदिर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ी

वाराणसी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि काशी विश्वनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, जबरन वसूली या अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम लगातार मंदिर क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे

प्रभारी निरीक्षक चौक कमिश्नरेट वाराणसी दिलीप कुमार मिश्रा सहित उप निरीक्षक एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे।a

RELATED ARTICLES

Most Popular