चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ़ – प्रदीप साह

वाराणसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनपी सिंह ने मंगलवार को पीएचसी हरहुआ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों को सेवा भावना के साथ कार्य करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता बताया।
सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर ओपीडी, वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, सेफ हाउस, लैब, रैन बसेरा और प्रसव कक्ष सहित विभिन्न अनुभागों का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी में डॉ. नंद आसरे, डॉ. राजकुमार और डॉ. मनु चतुर्वेदी द्वारा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। मरीजों से दवाओं, जांच और इलाज की सुविधाओं के बारे में भी पूछताछ की गई।
औषधि भंडार के निरीक्षण के दौरान, सीएमओ ने फार्मासिस्ट राकेश कुमार से दवाओं के रखरखाव और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने स्टॉक को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर अस्पताल में उपस्थित रहें और मरीजों का इलाज पूरी सेवा भावना से करें।

साथ ही, शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। अस्पताल और परिसर में साफ-सफाई तथा अभिलेखों के रखरखाव की व्यवस्था पर सीएमओ ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने यह भी कहा कि अस्पताल का वातावरण बेहतर है और आवश्यकतानुसार संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के अंत में, उन्होंने एसआरएम की आगामी टीम की तैयारियों की जानकारी ली और जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का भुगतान जल्द कराने के निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




