चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

वाराणसी/रामपुर, 14 अगस्त 2026। क्षेत्र के मुस्ताबाद और अंबा फीडर से जुड़े ग्रामीण इलाकों में बिजली की लगातार कटौती और बार-बार शटडाउन से किसान गंभीर रूप से प्रभावित हैं। पर्याप्त बारिश न होने के कारण पहले से ही फसलों को पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है।
किसानों का आरोप है कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों की उदासीनता के कारण कई बार शिकायत के बावजूद फॉल्ट ठीक नहीं किए जा रहे हैं। रामपुर निवासी किसान दिनेश सिंह चंदेल ने बताया कि उन्होंने स्वयं बिजली कर्मचारियों को फॉल्ट की तस्वीरें भेजीं, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसे ठीक नहीं किया गया।
चंदेल के अनुसार, कर्मचारी काम करने के बजाय दूसरी जगहों की तस्वीरें भेजकर टालमटोल कर रहे हैं।
बारिश की कमी के कारण पहले से ही संकट में फंसी फसलों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे क्षेत्र के अन्य किसानों में भी आक्रोश है।
ग्राम मुस्ताबाद के पारस राघवेन्द्र ने कहा, “धान की फसल को इस समय सबसे अधिक पानी की आवश्यकता है। बारिश हो नहीं रही और बिजली आती नहीं। यदि यही स्थिति दो-चार दिन और रही, तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी।”
जेपी सिंह ने बताया कि अंबा फीडर पर प्रतिदिन शटडाउन लिया जा रहा है। रात में भी बिजली नहीं रहती, जिससे ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं और किसानों की लागत डूबने की नौबत आ गई है।
किसान प्रतिनिधि महेश सिंह यादव ने जानकारी दी कि विभाग के आला अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुस्ताबाद और अंबा फीडर की व्यवस्था जल्द नहीं सुधारी गई, तो किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
फसलों को हो रहे भारी नुकसान से आक्रोशित किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर मुस्ताबाद व अंबा फीडर के फॉल्ट को ठीक कर सुचारू बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे बिजली उपकेंद्र का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन करेंगे।




