HomeUncategorizedवाराणसी में प्रदोष से पहले कांवड़ियों की भीड़ बढ़ी: डीजे-ढोल की गूंज...

वाराणसी में प्रदोष से पहले कांवड़ियों की भीड़ बढ़ी: डीजे-ढोल की गूंज के बीच आरक्षित लेन से बाबा धाम की ओर बढ़ा कारवां

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

प्रदोष यानी कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि से एक दिन पहले रविवार को प्रयागराज से वाराणसी की ओर आने वाले मार्ग पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ गई है। शिवभक्तों के जत्थे डीजे, ढोल-मृदंग और बाजे के साथ बाबा विश्वनाथ की ओर रवाना हैं।
हालांकि, इस बार पारंपरिक पैदल यात्रा के साथ बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री निजी वाहनों का प्रयोग कर रहे हैं, जिससे पूर्व वर्षों जैसी पैदल भीड़ कम दिख रही है।
मिर्जामुराद क्षेत्र में बिहड़ा मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर कांवड़ियों के प्रमुख पड़ाव स्थल बने हुए हैं। प्रयागराज से गंगाजल लेकर आने वाले श्रद्धालु यहां विश्राम कर रहे हैं। इन पड़ावों पर भोजन की व्यवस्था है, जहां बाटी-चोखा जैसे व्यंजन भी तैयार किए जा रहे हैं। कई यात्रियों का जत्था तालाब किनारे अपना स्वयं का भोजन पकाते नज़र आए।
श्रद्धालु पड़ाव स्थलों पर तालाब में स्नान और मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद अपनी यात्रा फिर से शुरू करते हैं। पड़ाव स्थलों पर चहल-पहल के साथ सड़क पर भी यात्रा का उत्साह चरम पर है।
आरक्षित लेन में डीजे और ढोल-मृदंग की धुन के बीच ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ शिवभक्तों का कारवां आगे बढ़ रहा है।

त्रयोदशी पर जलाभिषेक को लेकर उत्साह के बीच बाबा विश्वनाथ की नगरी की ओर बढ़ते इस कांवड़ कारवां से पूरे मार्ग पर शिवभक्ति की रौनक बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular