चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी के सिंधोरा में महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कसने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को शिव मंदिर के पास से रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस को 5 अगस्त की शाम सूचना मिली थी कि टिकरा मोड़ से ओदार जाने वाले मार्ग पर स्थित शिव मंदिर के पास एक युवक महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां कर रहा है। इस सूचना पर उपनिरीक्षक दीप्ति शर्मा, महिला आरक्षी नेहा मिश्रा और अंजनी के साथ मौके पर पहुंचीं।
पुलिस टीम ने कुछ देर छिपकर आरोपी की निगरानी की। इस दौरान युवक राहगीर महिलाओं और युवतियों को देखकर “तू आजा मेरी गाड़ी में बैठ जा…” गाने की पंक्ति गाते हुए अश्लील इशारे और फब्तियां कसने लगा। उसकी हरकतों से महिलाएं असहज महसूस कर रही थीं। पुष्टि होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रोशन राजभर पुत्र राजू राजभर, निवासी खड़गपुर, थाना सिंधोरा के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके परिजनों को सूचित किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंकित सिंह को सौंपी गई है।
सिंधोरा थानाध्यक्ष पंकज पांडेय ने बताया कि महिलाओं से छेड़छाड़ और सार्वजनिक स्थानों पर अभद्रता करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



