चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के डिप्टी चीफ इंजीनियर का दो साल का जर्मन शेफर्ड कुत्ता लहरतारा में बंगले से लापता है। डिप्टी चीफ इंजीनियर ने मंगलवार को सिगरा थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। साथ ही कुत्ते की बरामदगी के लिए पोस्टर भी चस्पा कराए। दो साल के लीओ नाम के कुत्ते को ढूंढ़ने वाले को उचित इनाम देने का दावा किया है। रेल कर्मियों के साथ उन्होंने सिगरा पुलिस से गुहार लगाई है।
2 अगस्त की रात हुआ गायब
शंभो माता मंदिर के पास बंगला नंबर 15 में रहने वाले डिप्टी चीफ इंजीनियर पंकज पांडेय ने पुलिस को बताया कि दो अगस्त की रात 11 बजे बंगला से ही लीओ लापता है। आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
आशंका है कि किसी ने उसे बंगले के अंदर से अगवा कर लिया। सिटी कमांड सेंटर से भी सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। विद्यापीठ चौकी के पुलिसकर्मियों ने भी कुत्ते के बारे में खोजबीन कराई। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सिटी कमांड सेंटर के जरिये पता लगाया जा रहा है।
डिलीवरी बॉय के पीछे निकल गया
बंगले के कर्मचारी ने बताया रात में डिलीवरी बॉय आया था। उस समय LEO बाहर घूम रहा था। कुछ देर बार देखा गया तो वो दिखाई नहीं दिया तो उसे ढूंढा गया लेकिन वो नहीं मिला। सीसीटीवी कैमरे लगे हैं लेकिन साहब पासवर्ड भूल गए हैं। इसलिए अभी तक यह नहीं दिखा की किसके साथ गया या अपने से चला गया।




