चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

वाराणसी में एक महिला श्रद्धालु को काशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम दर्शन के नाम पर 4 हजार रुपए ठग लिया। यह बात पुलिस को बता चली। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने युवक को तलाश कर उससे रुपए वापस करवाए। उसे हिरासत में ले लिया गया है।
देश-विदेश से उमड़ रहे श्रद्धालु, ठग एक्टिव हुए
दरअसल, सावन के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़के बीच कुछ असामाजिक तत्व दर्शन जल्द कराने और तथाकथित “सुगम दर्शन” का झांसा देकर लोगों से अवैध वसूली करने में जुटे हैं।
पुलिस प्रशासन लगातार ऐसे ठगों के खिलाफ अभियान चला रहा है और श्रद्धालुओं को लाउडस्पीकर के माध्यम से जागरूक भी कर रहा है कि वर्तमान में किसी प्रकार की सुगम दर्शन व्यवस्था संचालित नहीं की जा रही है।
इसके बावजूद कुछ लोग भोले-भाले श्रद्धालुओं को अपना निशाना बना रहे हैं।
अब जानिए क्या था मामला
सोमवार को सुबह 4.30 बजे काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 के पास सामने आया। दक्षिण भारत से बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आईं श्रद्धालु नंदनी ने सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा से शिकायत की कि एक युवक ने तत्काल दर्शन कराने का भरोसा देकर उनसे ऑनलाइन माध्यम से 4,000 रुपए ले लिए। युवक ने दावा किया था कि वह उन्हें विशेष व्यवस्था के तहत बिना लंबी कतार के दर्शन करा देगा।
महिला ने बताया कि पैसे लेने के बाद युवक उन्हें सामान्य श्रद्धालुओं की लाइन में ही प्रवेश कराने काप्रयास करने लगा। जब उन्हें इस बात का एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है तो उन्होंने इसका विरोध किया और तत्काल पुलिस से शिकायत की। सूचना मिलते ही सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने पूछताछ के बाद महिला को ऑनलाइन माध्यम से पूरी 4,000 की राशि वापस कराई। इस कार्रवाई से अन्य श्रद्धालुओं में भी भरोसा बढ़ा और उन्होंने पुलिस की तत्परता की सराहना की।
सीसीटीवी और ड्रोन से संदिग्ध पर निगरानी
जॉइंट पुलिस कमिश्नर शिवहरि मीणा ने बताया कि पुलिस लगातार श्रद्धालुओं से अपील कर रही है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और दर्शन कराने के नाम पर किसी को पैसा न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में किसी प्रकार की सुगम दर्शन व्यवस्था संचालित नहीं की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति तत्काल दर्शन कराने या विशेष प्रवेश का दावा करते हुए धन की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत सूचना दें।
आसपास मौजूद पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को बताएं। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है।



