HomeUncategorizedवाराणसी से आज से उड़ेंगी 10 नई फ्लाइट: दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, विजयवाड़ा...

वाराणसी से आज से उड़ेंगी 10 नई फ्लाइट: दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, विजयवाड़ा का सफर आसान, 3 एयरलाइंस ने उड़ान बढ़ाई

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। आज एक अगस्त से वाराणसी एयरपोर्ट से एक-दो नहीं सीधे 10 नई उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है। नई उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और विजयवाड़ा जैसे बड़े शहरों के लिए आने-जाने में आसानी होगी। इन उड़ानों में एयर इंडिया एक्सप्रेस सबसे अधिक उड़ानें बढ़ाने जा रही है।

इन रूट पर नई उड़ान सेवा

एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से वाराणसी से मुंबई के लिए दो नई उड़ानें शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही दिल्ली के लिए भी एक अतिरिक्त उड़ान शुरू की जाएगी। इससे दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों को समय के अनुसार उड़ान चुनने का बेहतर विकल्प मिलेगा। कारोबार और नौकरी के सिलसिले में इन दोनों शहरों के बीच आवागमन करने वाले लोगों की संख्या अधिक है।

आकासा एयर वाराणसी से बेंगलुरु के बीच नई उड़ान शुरू करेगी। यह उड़ान हर दिन संचालित होगी। बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों के लिए यह राहत की बात है। पिछले दिनों दक्षिण भारत के शहरों के लिए सीधी उड़ान कम होने से यात्रियों को परेशानी होने लगी थी।
इंडिगो एयरलाइन विजयवाड़ा के लिए नई उड़ान शुरू करेगी। इससे दक्षिण भारत का एक और शहर से काशी का सीधा कनेक्ट हो जाएगा। कुल मिलाकर आज से 10 नई उड़ानें हवाई अड्डे से जुड़ जाएंगी।

रोजाना 22 फ्लाइट, 44 उड़ान

मौजूदा समय की बात करें तो वाराणसी हवाई अड्डे पर हर दिन 22 विमानों का आना और 22 विमानों का जाना होता है। इस तरह कुल 44 उड़ानों का संचालन हो रहा है। नई उड़ानों के जुड़ने के बाद यह आंकड़ा 54 तक पहुंच जाएगा। इससे हवाई अड्डे पर यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

पहले 84 उड़ानें रोजाना थीं

यह भी बता दें कि साल की शुरुआत में वाराणसी से हर दिन करीब 84 उड़ानों का संचालन होता था। रोजाना 10 से 12 हजार यात्रियों की आवाजाही होती थी। लेकिन हवाई ईंधन के रेट बढ़ने से धीरे-धीरे उड़ानों की संख्या घटती गई। मौजूदा समय में यह संख्या घटकर 44 उड़ानों तक सिमट गई थी।
इस बारे में वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि नई उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को फायदा होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। काशी में सावन के महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसके अलावा बाहर से आने वाले सैलानियों की संख्या भी बढ़ेगी। अधिकारियों ने आने वाले दिनों में और भी नई उड़ानें शुरू होने की संभावना जताई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular