HomeUncategorizedट्रक से 5 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, तीन तस्कर...

ट्रक से 5 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो : राकेश वलेचा

वाराणसी। रामनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक एवं एक कार को भी कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को रामनगर पुलिस ने ऑपरेशन “चक्रव्यूह” के दौरान मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे-19 पर सघन चेकिंग की। इस दौरान प्रयागराज से बिहार की ओर जा रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक से 102 पेटी एवं 320 शीशी (कुल 5216 शीशी) अवैध अंग्रेजी शराब (999 ब्रांड) बरामद हुई। प्रत्येक शीशी 180 एमएल की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 938.88 लीटर तथा अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में शामिल एक किया सेल्टोस कार (UP16ED4277) को भी जब्त कर लिया। मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान विनोद निवासी सोनीपत (हरियाणा), सोमवीर जोगी निवासी पानीपत (हरियाणा) तथा मिथुन बंसल निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हरियाणा के पानीपत से शराब लाकर बिहार में तस्करी के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक संख्या UP15DT9909 सहित बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपितों के विरुद्ध थाना रामनगर में मु.अ.सं. 0203/2026 के तहत बीएनएस की धारा 3(5) एवं आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/69 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

रामनगर पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular