HomeUncategorizedनाबालिग किशोरी सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार, रामनगर पुलिस को मिली सफलता

नाबालिग किशोरी सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार, रामनगर पुलिस को मिली सफलता

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो : राकेश कुमार वलेचा

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की रामनगर पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद करते हुए अपहरण के आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना रामनगर में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रामनगर में मु.अ.सं. 0141/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और किशोरी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस उपायुक्त जोन काशी के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त जोन काशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस सेल एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 जून 2026 को नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के दौरान महिला आरक्षी की उपस्थिति सुनिश्चित की गई।

तलाशी और जांच के दौरान घटना में संलिप्त आरोपी अमन कुमार (24 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय शंभु सिंह, निवासी ग्राम बहुआरा गोपी सिंह, पोस्ट बहुआरा, थाना राजेपुर, जनपद पूर्वी चंपारण (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी बिहार के पूर्वी चंपारण जनपद स्थित मेहसी रेलवे स्टेशन क्षेत्र से की गई।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द करने तथा आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक अमित कुमार यादव, उपनिरीक्षक बाल योगेश्वर गौड़ तथा महिला कांस्टेबल पिंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular