चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो : राकेश वलेचा

वाराणसी। वाराणसी समेत देश-विदेश में नशीली दवाओं और कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के खिलाफ गुरूवार को बड़ा एक्शन हुआ। अंतरराष्ट्रीय तस्करी करने वाले सिंडिकेट माफिया शुभम के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है।
इंटरपोल की नोटिस के साथ ही शुभम को खींचकर वाराणसी की पुलिस भारत लाएगी। शुभम की गवाही से ही कफसिरप केस में माफिया, सपा और भाजपा नेताओं, हिंदूवादी संगठनों समेत अफसरों की मिलीभगत का खुलासा होगा। हालांकि पुलिस इस मामले को दबाकर शुभम को जेल भेजने का प्रयास करेगी।

बता दें कि पिछले दिनों ही शहर कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे में मुख्य सरगना शुभम जायसवाल और उसके पिता भोला प्रसाद जायसवाल समेत 18 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने 39,000 पन्नों का विशालकाय आरोप पत्र (चार्जशीट) तैयार किया था। जिसे कल ही पुलिस ने कोर्ट में दाखिल किया है।
गृहमंत्रालय ने दुबई में होने की पुष्टि की
कोडीन सिरप तस्करी में प्रहलाद घाट निवासी शुभम जायसवाल वर्तमान में दुबई में छिपा हुआ है। अपर जिला जज/एफटीसी मनोज कुमार की कोर्ट ने रोहनिया थाने के एक अन्य मामले में भी शुभम को भगोड़ा घोषित कर दिया था, इसके पहले वह कोतवाली थाने के मुकदमे में भगोड़ा घोषित हो चुका था।
विशेष अभियोजक अधिकारी सुनील सिंह और अरविंद श्रीवास्तव के अनुसार, भगोड़ा घोषित होने के बाद अब उसकी संपत्ति कुर्क करने की राह भी साफ हो गई है। गुरूवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय ने बताया कि कफसिरप माफिया शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। अब उसे दुबई से भारत लाने का रास्ता साफ हो गया है।



