HomeUncategorizedबनारस में होटल में गैरकानूनी ढंग से विदेशियों को ठहराया, सुरक्षा एजेंसियों...

बनारस में होटल में गैरकानूनी ढंग से विदेशियों को ठहराया, सुरक्षा एजेंसियों की सूचना पर पुलिस और एलआईयू ने की छापेमारी, संचालक पर एफआईआर

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो : राकेश वलेचा

वाराणसी: दिल्ली ब्लास्ट को लेकर अलर्ट के बीच वाराणसी में बड़ी सूरक्षा चूक उजागर हुई है। होटल में विदेशियों को बिना अनुमति के गैरकानूनी तरीके से ठहराया गया। खुफिया एजेंसियों की सूचना के बाद पुलिस और एलआईयू की टीम ने होटल में छापेमारी की तो इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने होटल मालिक और संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

खुफिया तंत्र के जरिये पुलिस को सूचना मिली कि भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड स्थित दयाल टावर होटल में 10 विदेशी नागरिकों को ठहराया गया है। इस पर पुलिस और एलआईयू की टीम ने होटल में छापेमारी की। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि होटल प्रबंधन ने न तो फॉरेनर्स रजिस्ट्रेशन फार्म (Form-C) भरा और न ही विदेशी मेहमानों की सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जो कानूनन अनिवार्य है। इसके अलावा 10 में से आठ लोगों के पासपोर्ट केवल फोटोस्टेट कॉपी के रूप में ही दर्ज पाए गए, जबकि दो विदेशी नागरिकों के पास कोई पासपोर्ट दस्तावेज मौजूद ही नहीं थे। यह गंभीर सुरक्षा लापरवाही मानी जा रही है।

दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद दुर्गाकुंड चौकी इंचार्ज की तहरीर पर होटल मालिक एवं संचालक के खिलाफ भेलूपुर थाने में धोखाधड़ी तथा विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब होटल का पूरा रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, बुकिंग विवरण और विदेशी नागरिकों के भारत आगमन से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच कर रही है।

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि एलआईयू, आईबी और स्थानीय पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि होटल में नियमों का पालन किए बिना विदेशी नागरिकों को ठहराया गया है। मौके पर पहुंची टीम ने जब छापेमारी की तो होटल प्रबंधन किसी भी कानूनी प्रक्रिया का पालन करता नहीं मिला। एसीपी ने कहा कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और इसमें शामिल सभी जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।।।

RELATED ARTICLES

Most Popular