चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो : पंकज भाटिया

वाराणसी: दीपावली का पर्व नजदीक आते ही शहर में पटाखों का बाजार सजने लगा है। इस अवसर पर जनता की सुरक्षा और अवैध पटाखा बिक्री रोकने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पटाखों की दुकानों का सत्यापन सितंबर माह से प्रारंभ हो गया है और यह प्रक्रिया दीपावली पर्व तक जारी रहेगी। सत्यापन के दौरान दुकानों के भंडारण की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जाँच की जा रही है। यदि कहीं भी कोई अवैध गतिविधि पाई जाती है, तो संबंधित दुकान को सील करने का कार्य किया जाएगा।
वाराणसी के अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरी मीना ने बताया कि पुलिस त्योहारों को सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए हर तरह की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि विशेष ध्यान इस बात का रखा जा रहा है कि नाबालिगों द्वारा पटाखों का व्यापार न किया जा सके। इसके अलावा सेंसिटिव क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।
जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि पूरे जनपद में पटाखों की दुकानों को जोन में व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि सुरक्षा और निरीक्षण आसान हो सके। जिन स्थानों पर पटाखों की बिक्री होगी, वहां फायर ब्रिगेड टीम और बम डिस्पोजल दस्ते तैनात रहेंगे। इसके साथ ही भंडारण स्थलों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपाय किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनता से अपील की कि वे केवल लाइसेंसधारी दुकानों से ही पटाखे खरीदें, और किसी भी अवैध या असुरक्षित गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों को सुरक्षित और सुचारू रूप से सम्पन्न कराना है, ताकि नागरिकों को कोई कठिनाई न हो।
यह तैयारी वाराणसी में दीपावली पर्व को सुरक्षा और उत्साह के साथ मनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।।।



