चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
रिपोर्टर : सत्यम् गुप्ता

वाराणसी: नवरात्रि पर्व के अवसर पर नगर निगम वाराणसी ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी के निर्देशानुसार, नगर निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें तथा मांस विक्रेताओं के बधालय पूरे नवरात्रि अवधि में बंद रहेंगे। यह आदेश 22 सितंबर से लागू होगा।
महापौर का निर्देश…
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर निगम क्षेत्र की धार्मिक भावनाओं और पर्व की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए यह निर्देश जारी किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि आस्था और श्रद्धा का पर्व है, ऐसे में स्वच्छता और सांस्कृतिक परंपरा का सम्मान करते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
पशु कल्याण अधिकारी को जिम्मेदारी…
महापौर ने पशु कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे सभी दुकानों और बधालयों को बंद कराएं तथा नियमित भ्रमण कर इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
उल्लंघन पर कार्रवाई…
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई दुकानदार इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण निर्णय…
नवरात्रि के दौरान पूरे नगर निगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक परंपराओं का ध्यान रखते हुए यह कदम उठाया गया है। यह निर्णय न केवल स्वच्छता और व्यवस्था को बनाए रखने में सहायक होगा, बल्कि धार्मिक माहौल को भी शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास है।।।



