यूपी हेड : अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ: राकेश सदेजा

वाराणसी: दुर्गा कुंड स्थित मां कुष्मांडा मंदिर में बुधवार से सात दिवसीय संगीत समारोह की शुरुआत हुई। इस दौरान माता का प्रतिदिन अलग-अलग श्रृंगार किया जाएगा। आयोजन में तीन दिन शास्त्रीय संगीत और चार दिन लोक संगीत की प्रस्तुतियां होंगी।
बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत भव्य आरती से हुई। मां दुर्गा की आरती किशन दुबे ने उतारी, जबकि महंत कौशल पति द्विवेदी ने माता का श्रृंगार किया। आरती और श्रृंगार के दौरान मंदिर परिसर भक्तों की जयकारों से गूंज उठा।
शास्त्रीय संगीत के पहले दिन पद्म भूषण पंडित साजन मिश्र और सारांश मिश्र ने गायन प्रस्तुत किया। इसके अलावा प्रोफेसर राजेश शाह ने सितार, देवाशिष्ठ डे ने गायन और कमला शंकर ने गिटार की अद्भुत प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मंदिर परिषद को कोलकाता, मुंबई सहित विभिन्न शहरों से आए फूल-मालाओं से सजाया गया। मुख्य पंडाल को आकर्षक रूप दिया गया और पूरे मंदिर को विद्युत झालरों से रोशन किया गया। माता का श्रृंगार इतना भव्य था कि श्रद्धालुओं को ऐसा प्रतीत हुआ मानो मां स्वयं साक्षात दर्शन दे रही हों। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मंदिर क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।।।



