यूपी हेड : अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो : रोहित गुप्ता

वाराणसी: उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PUVVNL) के लिए वर्ष 2025-26 के बिजनेस प्लान को मंजूरी दे दी है। इस योजना की कुल अनुमानित लागत 824 करोड़ रुपये है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्युत वितरण तंत्र को मजबूत कर उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
इस बिजनेस प्लान के तहत फीडरों, परिवर्तकों और उपकेन्द्रों पर ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्याओं का गहन विश्लेषण कर विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दीर्घकालिक कार्य योजना तैयार की गई है। भविष्य की मांग को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।
ये कार्य प्रस्तावित…
11 नए उपकेन्द्रों का निर्माण, 25 नई 33 केवी लाइनों का निर्माण, 34 मौजूदा 33 केवी लाइनों का सुदृढ़ीकरण होगा। 52 पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, 158 11 केवी लाइनों का विभक्तीकरण, 7493 नए वितरण ट्रांसफार्मरों की स्थापना और क्षमता वृद्धि और 2133 विविध सुरक्षा कार्य, जैसे वीसीबी की स्थापना और अर्थिंग का काम होगा।
इसके अतिरिक्त, वितरण परिवर्तकों के एलटी सुरक्षा कार्यों के लिए ₹50 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं में कमी आएगी और नेटवर्क को और सशक्त किया जाएगा। भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए स्टोर के लिए भी धनराशि आवंटित की गई है। इस वर्ष के बिजनेस प्लान में कैपेसिटर से संबंधित कार्यों को भी शामिल किया गया है, जो लो-वोल्टेज की समस्या को हल करने में मदद करेंगे। साथ ही, एक हाई-टेक लैब के विकास का प्रस्ताव भी है, जिसमें इन-हाउस सामग्री परीक्षण की सुविधा होगी। इससे कार्यों की गुणवत्ता में और सुधार होगा।
योजना के तहत कार्यों को यथाशीघ्र पूरा करने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने और कार्यदायी संस्थाओं का चयन करने के निर्देश क्षेत्रीय अधिकारियों को दिए गए हैं। इसका लक्ष्य आगामी गर्मियों में उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ प्रदान करना है। इस बिजनेस प्लान के सफल क्रियान्वयन से पूर्वांचल के विद्युत वितरण तंत्र में क्रांतिकारी सुधार होने की उम्मीद है, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।।।



