ब्यूरो रिपोर्ट : आशु खरवार

बलिया । जनपद के रसड़ा क्षेत्र के रेखहा गांव के समीप सड़क दुर्घटना में एक छात्र के घायल होने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज़ लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घायल छात्र की पहचान आशीष राजभर (12 वर्ष) पुत्र मनोज राजभर, कक्षा 6 के छात्र के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब छात्र सड़क पर पहुंच गया और किसी वाहन की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक और कर्मचारी समय पर विद्यालय नहीं आते तथा बच्चों की देखरेख में ढिलाई बरतते हैं। उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण बच्चा सड़क पर गया और दुर्घटना का शिकार हुआ।
सूचना मिलते ही मौके पर एडिशनल एसपी दिनेश कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी रवि कुमार, क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता की। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद करीब एक घंटे पश्चात जाम समाप्त कराया जा सका।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि घायल छात्र का निःशुल्क उपचार कराया जाएगा और संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विद्यालय की कार्यप्रणाली और लगाए गए आरोपों की जांच कराने की भी बात कही गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि प्रशासन की पहल के बाद स्थिति सामान्य हो गई है। मौके पर फिलहाल पीएससी तैनात है।



