ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया । नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर, अखनपुरा रसड़ा बलिया में वार्षिकोत्सव एवं परीक्षा फल वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, योग प्रदर्शन और प्रतिभा सम्मान ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री श्री ए. के. शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक श्री रमेश जी तथा अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज जी ने की। इस अवसर पर विभाग प्रचारक श्री अम्बेश जी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र पांडे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान अध्यक्ष रामकुमार तिवारी, प्रबंधक संजय कुमार कश्यप, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, संभाग निरीक्षक कन्हैया चौबे व अक्षय ठाकुर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गणेश वंदना, तीर्थ योग, पिरामिड योग, अग्नि चक्र योग, चाप योग व “मां” पर आधारित गीत ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। “जन्मजात देशभक्त डॉक्टर हेडगेवार” एवं सोशल मीडिया पर आधारित प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं, जिन्होंने समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।

परीक्षा परिणाम में शिशु वर्ग में साक्षी, प्राथमिक वर्ग में मयंक यादव, पूर्व माध्यमिक में आदित्य सोनी तथा माध्यमिक व वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग में कृष्ण गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्कृति ज्ञान प्रतियोगिता में सुमंत ठाकुर अव्वल रहे। पुरस्कार पाकर भैया-बहनों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।

मुख्य अतिथि श्री ए. के. शर्मा ने कहा कि विद्या भारती राष्ट्रनिर्माण की मजबूत नींव तैयार कर रहा है, जहां शिक्षा के साथ संस्कार व समर्पण का विकास होता है।
अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज जी ने रामायण का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का चरित्र निर्माण ही शिक्षा का मूल उद्देश्य होना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि श्री रमेश जी ने कहा कि विद्या भारती केवल डॉक्टर व इंजीनियर ही नहीं गढ़ता, बल्कि युगानुरूप शिक्षा देकर संस्कारित, चरित्रवान व राष्ट्रनिष्ठ नागरिक तैयार करता है। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रस्तुतियां समाज को नई दिशा देती हैं।
कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ।



