चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी में मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर रिंग रोड पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ओवरटेक करते समय कार से छूटा नियंत्रण

भदोही के गोपीगंज क्षेत्र के सारीपुर गांव निवासी अभिषेक कौशिक (34) पुत्र संजय सिंह दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रजेंटेटिव (MR) थे। अभिषेक कार से रखौना रिंग रोड होते हुए हरहुआ की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि हरपुर गांव के पास उन्होंने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार पर से नियंत्रण छूट गया और कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कार में फंसे चालक को पुलिस ने निकाला
राहगीरों की सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर के बाद अभिषेक कार के अंदर फंस गए थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद गंभीर हालत में तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

माता-पिता के इकलौते बेटे थे अभिषेक
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक अभिषेक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। कुछ साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। उनकी दो साल की एक बेटी भी है।
अचानक हुई मौत से पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है।
रिंग रोड पर ओवरटेकिंग के दौरान पहले भी हो चुके हादसे
मिर्जामुराद क्षेत्र के हरपुर रिंग रोड पर ओवरटेकिंग के दौरान वाहन दुर्घटनाओं के मामले सामने आते रहे हैं। उपलब्ध रिपोर्ट में भी इसी स्थान पर ओवरटेक करते समय कार के ट्रक से टकराने की घटना दर्ज है।



