चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के लिए वाराणसी और चंदौली में एक भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। इस बार बनारसी मंडल के गाजीपुर और जौनपुर में सेंटर बनाया गया है।
इन दोनों जिलों के अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए गाजीपुर और जौनपुर जाना होगा। इस बार प्रदेश के 60 जिलों में 1,372 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए कुल 35,41,297 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को तीन दिन में छह पालियों में होगी।
35.41 लाख अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
PET-2026 के लिए प्रदेशभर से 35 लाख 41 हजार 297 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा के लिए 60 जिलों में 1,372 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
बनारस-चंदौली के अभ्यर्थियों को जाना होगा दूसरे जिलों में इस बार वाराणसी और चंदौली में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं। आयुक्त से मिली जानकारी के मुताबिक, इन जिलों के अभ्यर्थियों के लिए गाजीपुर और जौनपुर में केंद्र निर्धारित किए गए हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र पर दर्ज परीक्षा केंद्र का पता देखकर यात्रा की तैयारी करनी होगी। दूसरे जिले में केंद्र होने के कारण समय से निकलना जरूरी होगा।
पिछली बार वाराणसी में 66 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा
PET-2025 के दौरान वाराणसी में 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 94,268 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई थी। इस बार वाराणसी में केंद्र नहीं बनाए जाने से परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव हुआ है।




