चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी में एयर शो से पहले नमोघाट के हेलिपैड क्षेत्र में फर्जी कैप्टन पकड़ा गया। वह खुद को सेना का कैप्टन बताकर प्रतिबंधित क्षेत्र में घूम रहा था। सुरक्षा में तैनात जवानों को शक होने पर उसे पकड़ा गया।
सेना में कैप्टन के पद पर तैनाती की पुष्टि नहीं हुई, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए युवक की पहचान अर्पित चतुर्वेदी के रूप में हुई है। खुफिया एजेंसियों ने उससे घंटों पूछताछ की। पुलिस ने उसके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।
अतिसंवेदनशील हेलिपैड क्षेत्र में घूम रहा था
रविवार को होने वाले वायुसेना के एयर शो को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद शनिवार को एक युवक नमोघाट स्थित हेलिपैड के प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच गया।
ड्यूटी पर तैनात जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ करने पर उसने खुद को सेना का कैप्टन बताया। उसके जवाबों और हाव-भाव से जवानों का संदेह बढ़ गया। इसके बाद उच्चाधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) और वायुसेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
सेना के रिकॉर्ड में नहीं मिला कैप्टन के पद पर तैनाती का प्रमाण
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए युवक को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी के कार्यालय ले जाया गया। यहीं आईबी, एलआईयू और वायुसेना की खुफिया इकाइयों ने उससे कई घंटे पूछताछ की।
शुरुआती पूछताछ में उसने अपना नाम कैप्टन अर्पित बताया। उसने अपना पता कैंट थाना क्षेत्र के जदीद बाजार में पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास का बताया। हालांकि, सेना के रिकॉर्ड और दिए गए पते की जांच में उसके कैप्टन होने की पुष्टि नहीं हुई।
जांच के बाद उसकी पहचान अर्पित चतुर्वेदी के रूप में हुई। अधिकारियों के मुताबिक, वह मूल रूप से वाराणसी के नदेसर इलाके का रहने वाला है।
पिता चलाते हैं पैथोलॉजी सेंटर, युवक की मंशा की जांच
डीसीपी काशी के मुताबिक, अर्पित के पिता शहर में पैथोलॉजी सेंटर चलाते हैं। युवक ने खुद को सेना का अधिकारी क्यों बताया और प्रतिबंधित हेलिपैड क्षेत्र तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां भी मामले से जुड़ी जानकारियां जुटा रही हैं।
नमोघाट पुलिस चौकी प्रभारी चंदन कुमार की तहरीर पर अर्पित चतुर्वेदी के खिलाफ आदमपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किया है।



