चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

वाराणसी में एयर शो के अंतिम दिन तेज धूप और गर्मी के कारण 370 लोगों की तबीयत बिगड़ी। जिसमें से टीम को अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं बाकियों को प्राथमिक चिकित्सा दी गई। दर्शकों की भीड़ को देखते हुए गंगा घाटों और आयोजन स्थल के आसपास मेडिकल कैंप लगाए गए थे।
प्रमुख मार्गों पर मोबाइल मेडिकल टीमें और एंबुलेंस तैनात रहीं। गंभीर स्थिति में तीन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिरदर्द, चक्कर और उल्टी की शिकायतें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह के मुताबिक, दिनभर में 370 लोगों को उपचार दिया गया। इनमें सिरदर्द, बुखार, बदन दर्द, पेट दर्द, चक्कर, उल्टी और निर्जलीकरण जैसी समस्याओं से पीडित लोग शामिल थे। मेडिकल कैंप में प्राथमिक जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
3 मरीज अस्पताल में भर्ती
गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए। 108 एंबुलेंस सेवा अलर्ट पर रही। एंबुलेंस से दो मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौकाघाट और एक मरीज को श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। निजी अस्पतालों और ब्लड बैंकों को भी सतर्क रखा गया था।
इस दौरान राजकीय चिकित्साधिकारी एवं सीपीआर विशेषज्ञ डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने हीट स्ट्रोक से पीड़ित एक मरीज को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया।
कमांड सेंटर से हुई निगरानी
सीएमओ ने बताया कि चिकित्सा व्यवस्था में स्वास्थ्य संस्थानों के साथ मेडिकल कॉलेजों, निजी अस्पतालों और दूसरे जिलों से आई चिकित्सकीय टीमों ने भी सहयोग किया। सभी टीमों ने आपसी समन्वय से काम किया। पूरी व्यवस्था की निगरानी त्रिनेत्र भवन स्थित काशी कमांड सेंटर से की जा रही थी।



