ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। रसड़ा रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब पानी टंकी के पास स्थित एक पुराने कुएं में युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही आरपीएफ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान छितौनी गांव निवासी 42 वर्षीय जयलेश राजभर के रूप में हुई है, जो स्टेशन रोड पर ढाबा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार वह गुरुवार सुबह से ही लापता था। शाम करीब तीन बजे एक व्यक्ति को कुएं के पास मोबाइल की घंटी सुनाई दी। जब वह खंडहर के अंदर गया तो कुएं में शव लटका देख शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के लोग जुट गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से युवक का मोबाइल और लगभग 300 रुपये भी बरामद हुए हैं। मृतक के परिवार में तीन बेटियां हैं और वह घर का इकलौता कमाने वाला था।

स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी की चर्चा रही, जबकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। सीटी इंचार्ज कुलदीप कुमार के अनुसार, युवक के नशे का आदी होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।



