चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो – राकेश सदेजा

चौबेपुर थाना क्षेत्र के मंगराहुआ गांव के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अपने घर मुनारी लौट रहे युवक की बाइक में बेकाबू ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसने दम तोड़ दिया।
मंगराहुआ के पास घटी घटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुनारी गाव निवासी इमरान खान (30 वर्ष), पुत्र जुल्फिकार खान, देर रात अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। अभी वह मंगराहुआ के पास पहुंचे ही थे जो उनके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित है कि तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि इमरान सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल इमरान को तत्काल उपचार के लिए बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी स्थिति को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान ही इमरान ने दम तोड़ दिया।
गांव में छाया मातम, पुलिस जांच में जुटी
30 वर्षीय इमरान की असमय मौत की खबर पहुंचते ही मुनारी गांव और परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद लंका थाना पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौबेपुर पुलिस विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



