ब्यूरो रिपोर्ट : आशु खरवार

बलिया। के गड़वार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग दसवीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना 15 फरवरी को शिवरात्रि के दिन हुई, जब छात्रा शौच के लिए खेत में गई थी। पीड़िता ने परिजनों को तब जानकारी दी जब उसे दसवीं की परीक्षा देने जाना था।
छात्रा के हाथ में दर्द होने पर उसने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के परिजनों के अनुसार, शौच के लिए गई छात्रा के साथ पांच लड़कों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने छात्रा को धमकी दी थी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसके घर वालों को मार दिया जाएगा और घटना का वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। इसी डर से छात्रा चुप थी।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की तथा अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि गड़वार थाना को 15 फरवरी की घटना की सूचना मिली है।
उन्होंने बताया कि चार नामजद और एक अज्ञात लड़के ने नाबालिग छात्रा को डरा-धमकाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर चार लोग नामजद हैं और एक अज्ञात है। एसपी ने पुष्टि की कि घटना 15 फरवरी की शाम की है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि वे पीड़िता से बात करेंगे और इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



