ब्यूरो रिपोर्ट – रवि प्रताप आर्य

बलिया में खेजुरी थाना क्षेत्र के खड़सरा में गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार 10 यात्री घायल हो गए। इनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेजुरी पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
एसएचओ सुशील कुमार दूबे के मुताबिक, राज्य परिवहन निगम की बस सिकंदरपुर से बलिया जा रही थी। खड़सरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सामने से आ रहे टैंकर से उसकी टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इन यात्रियों को आई चोटें
घायलों में उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर निवासी रामनिवास पुत्र सोमारी, चौकिया मोड़ निवासी आर्यन गुप्ता पुत्र सच्चिदानंद गुप्ता और बहुता निवासी शिवमंगल पुत्र रामधनी शामिल हैं।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के गांधी मोहल्ला निवासी आनंद गुप्ता पुत्र अरविंद गुप्ता, चांदनी चौक निवासी संतोष सोनी पुत्र स्वर्गीय पृथ्वीचंद्र, सिसोटार निवासी शिवांशु राय पुत्र मिथिलेश राय और बरमनिया निवासी शेषनाथ सिंह पुत्र रामाधार सिंह भी घायल हुए हैं।
इसके अलावा करमौता निवासी सच्चिदानंद वर्मा पुत्र स्वर्गीय रघुनाथ वर्मा, बघुड़ी निवासी शिवानी पुत्री लक्ष्मण प्रसाद और प्रभावती पत्नी हीरा तुरहा को चोटें आई हैं।
शेषनाथ सिंह के सिर, गले और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रामनिवास को अंदरूनी चोट लगने की बात सामने आई है। घायलों का सीएचसी खेजुरी में उपचार जारी है।




