ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस की कार्यशैली को लेकर अब आमजन सवाल उठाने लगे हैं। कृष्णा नगर कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, करीब आठ माह पूर्व छितौनी क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी का अब तक खुलासा नहीं होने से लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छितौनी निवासी मंजू देवी पत्नी स्व. अजीत कुमार गुप्ता कृष्णा नगर कॉलोनी रसड़ा में रहती हैं। वह 28 अगस्त की रात मकान में ताला लगाकर रक्षाबंधन पर्व मनाने अपने भाई के घर मधुबन (मऊ) गई थीं। इसी दौरान मौका पाकर चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया। 29 अगस्त की सुबह पड़ोसियों ने घर में चोरी होने की सूचना दी, जिसके बाद गृहस्वामिनी ने डायल 112 पर जानकारी दी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम की मौजूदगी में जब मकान का निरीक्षण किया गया तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता के अनुसार, चोर सोने का हार, चूड़ियां, अंगूठियां, नथिया, मांगटीका, नाक की कील, कान के टॉप्स समेत लाखों रुपये के आभूषण तथा करीब 15,470 रुपये नकदी चोरी कर ले गए। वहीं, मकान में किराए पर रहने वाली कविता धुसिया के कमरे से भी चोर एक जोड़ी पायल, बिछिया और सोने के कान के झुमके ले गए।
घटना की सूचना पर रसड़ा कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
आठ माह पूर्व छितौनी में हुई भीषण चोरी का भी नहीं हुआ खुलासा
गौरतलब है कि रसड़ा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। बीते 4 जनवरी 2026 की रात छितौनी स्थित अधिवक्ता कॉलोनी निवासी कन्हैया राम के बंद मकान में भी अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी। इस घटना में पीड़ित परिवार की वर्षों की जमा पूंजी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। घटना के आठ माह बाद भी पुलिस इस मामले में किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
लगातार हो रही चोरी की वारदातों और पुराने मामलों के लंबित रहने से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि पूर्व की चोरी की घटनाओं का समय रहते खुलासा होता तो शायद अपराधियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। अब जनता पुलिस से जल्द खुलासे और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग कर रही है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।



