चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र में भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान और उससे सटा टिन शेड ढह गया।
इस हादसे में एक दंपती मलबे में दबकर घायल हो गया, जबकि एक गाय की मौत हो गई और दो अन्य पशु घायल हो गए। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
यह घटना जंसा थाना क्षेत्र के गोराई बाजार स्थित पुरन्दरपुर ग्राम सभा के नोनखरा गांव में बीती रात हुई। करीब 43 वर्षीय त्रिभुवन यादव और उनकी 40 वर्षीय पत्नी वंदना यादव बारिश के दौरान अपने पशुओं को टिन शेड के अंदर बांध रहे थे। अचानक कच्चे मकान का एक हिस्सा और टिन शेड भरभराकर गिर गया, जिससे दंपती मलबे में दब गए।

आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे से दंपती को बाहर निकाला गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसे में मकान के मलबे के नीचे दबने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य पशु घायल हो गए। इसके अतिरिक्त, बगल में रहने वाले कल्पनाथ यादव के मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित परिवार को मकान और घरेलू सामान के क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ पशुओं के नुकसान से भारी आर्थिक क्षति हुई है।
स्थानीय निवासी कल्पनाथ यादव के अनुसार, इस घटना से लगभग 2 लाख रुपये के अधिक के नुकसान का अनुमान है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने और मकान व पशुओं के नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।



