HomeUncategorizedप्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर आएंगे काशी, तैयारियों में जुटा प्रशासन

प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर आएंगे काशी, तैयारियों में जुटा प्रशासन

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर : धनेश बदलानी

वाराणसी: काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर 7 नवंबर को वाराणसी आएंगे। उनके आगमन को लेकर शासन, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। पूरे शहर में सफाई, रंग-रोगन और सजावट का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। सड़कों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को ध्यान में रखते हुए बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित खेल ग्राउंड में तीन हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं, जहां भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर उतरेंगे। प्रधानमंत्री बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। बरेका परिसर को विशेष रूप से इलेक्ट्रॉनिक झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है।

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री सात नवंबर की शाम बिहार के भभुआ में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के बाद वाराणसी पहुंचेंगे। बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से सीधे बरेका गेस्ट हाउस पहुंचकर वरिष्ठ भाजपा नेताओं और प्रमुख लोगों से मुलाकात करेंगे।

अगले दिन, आठ नवंबर की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनारस रेलवे स्टेशन (मंडुवाडीह) से वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही वे तीन अन्य ट्रेनों का वर्चुअल शुभारंभ भी करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री वाराणसी से बिहार के चुनावी दौरे पर रवाना होंगे।

प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर वाराणसी में उत्साह का माहौल है। शहरवासियों में उम्मीद है कि इस यात्रा के दौरान विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी और वाराणसी एक बार फिर बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रम का गवाह बनेगा।।।

RELATED ARTICLES

Most Popular