ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता एवं चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर सर्वेश मिश्रा ने शनिवार को बलिया में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, पेपर लीक और सामाजिक अन्याय के खिलाफ आम आदमी पार्टी सड़क पर उतरने जा रही है। पार्टी 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर प्रयागराज से अयोध्या तक “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा शुरू करेगी, जिसकी अगुवाई आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह करेंगे। यह पदयात्रा 15 नवंबर को अयोध्या में सरयू तट पर संपन्न होगी।
सर्वेश मिश्रा ने बताया कि इस यात्रा की आयोजन समिति की अध्यक्षता सभाजीत सिंह करेंगे। समिति में जनक प्रसाद, दिनेश पटेल, इमरान लतीफ, विनय पटेल, पवन तिवारी, सर्वेश मिश्रा और सुनील पांडे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बलिया सहित प्रदेश के सभी जिलों के छात्र, युवा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मनरेगा मजदूर और आम नागरिक इस पदयात्रा का हिस्सा बनें। आंदोलन से जुड़ने के लिए मिस्ड कॉल नंबर 75000 40004 जारी किया गया है।

सर्वेश मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 17 से अधिक बार पेपर लीक की घटनाएँ हो चुकी हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि “सरकारी भर्तियां निकाली नहीं जा रहीं, और जो निकलती हैं उनमें पारदर्शिता नहीं रहती। भाजपा सरकार आंकड़ों का खेल दिखाकर युवाओं के सपनों से खिलवाड़ कर रही है।” सर्वेश मिश्रा ने कहा कि बलिया के युवाओं सहित पूरे प्रदेश के नौजवान रोजगार और सामाजिक न्याय की मांग को लेकर इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हों। आप प्रवक्ता सर्वेश
मिश्रा ने कहा कि “सामाजिक न्याय की स्थिति यह है कि बांदा के सहकारी बैंक में लगातार एक ही जाति विशेष की भर्तियां हो रही हैं। सरकार अपने चहेतों को पद बाँट रही है, जबकि मेहनती और योग्य युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है।”
पार्टी प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “भाजपा सरकार ने नफरत की राजनीति को शासन की नीति बना लिया है। जब भी जनता के असली मुद्दे उठते हैं-रोजगार, किसान, शिक्षा या स्वास्थ्य- सरकार हिंदू-मुसलमान की राजनीति में जनता का ध्यान भटकाने लगती है।” उन्होंने कहा कि सांसद संजय सिंह ने सदन के भीतर और बाहर हर मंच से आम आदमी के मुद्दे को मजबूती से उठाया है और इस पदयात्रा के ज़रिए वे जनता के बीच सीधा संवाद करेंगे। सर्वेश मिश्रा ने कहा कि बलिया में हर साल बाढ़ किसानों और मजदूरों की जिंदगी तबाह कर देती है, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस राहत नहीं मिलती। उन्होंने कहा, “पूर्वांचल के नाम पर दिल्ली में खूब राजनीति होती है, लेकिन पूर्वांचल की असली समस्याओं-बाढ़, बेरोजगारी, स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर यहां कोई आवाज नहीं उठती। आम आदमी पार्टी इन मुद्दों को केंद्र में लाना चाहती है।”
सर्वेश मिश्रा ने बलिया वासियों और प्रदेश की जनता से अपील की कि वे “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा में शामिल होकर उत्तर प्रदेश की राजनीति को फिर से जन-आवाज और जन-सरोकारों के मुद्दों से जोड़ने का काम करें।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हर कदम पर जनता के साथ खड़ी है और इस आंदोलन के माध्यम से प्रदेश में नई राजनीतिक दिशा देने का काम करेगी।



