HomeUncategorizedनवरात्र के पांचवें दिन बागेश्वरी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां...

नवरात्र के पांचवें दिन बागेश्वरी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां स्कंदमाता के दर्शन को लगी लंबी कतारें

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
रिपोर्ट : अभिषेक सोनकर

वाराणसी: शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन काशी का वातावरण मां दुर्गा के स्कंदमाता स्वरूप की भक्ति में रंगा रहा। प्राचीन बागेश्वरी मंदिर में शुक्रवार तड़के से ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। भक्त मां स्कंदमाता के दर्शन-पूजन के लिए उत्सुक दिखाई दिए। मंदिर परिसर में सुबह से ही “जय मां स्कंदमाता” के जयकारों की गूंज सुनाई दी, जिसने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया।

मां स्कंदमाता को विद्या और ज्ञान की देवी माना जाता है। इसी कारण मंदिर में छात्रों की खासी भीड़ रही। परीक्षाओं में सफलता, शिक्षा में प्रगति और जीवन में उन्नति की कामना लेकर छात्र मां के चरणों में मत्था टेकते नजर आए। भक्तों ने मां को नारियल, चुनरी, लाल अड़हुल के फूल और मिष्ठान का भोग अर्पित किया। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां स्कंदमाता अपने भक्तों को सदबुद्धि और विद्या का वरदान देती हैं।

बागेश्वरी मंदिर सैकड़ों वर्षों से श्रद्धा और आस्था का केंद्र रहा है। नवरात्र के दिनों में यहां मां स्कंदमाता के दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मां बागेश्वरी की कृपा से हर मनोकामना पूरी होती है- चाहे वह विद्या हो, नौकरी हो या सुख-समृद्धि की चाह।

मंदिर में दर्शन करने आए एक भक्त ने कहा, “मां बागेश्वरी के दर्शन से मन को अपार शांति मिलती है। मैं हर साल नवरात्र में यहां आता हूं और अपने बच्चों के लिए विद्या व सफलता की प्रार्थना करता हूं।” खासकर छात्रों में मां के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली, जो ज्ञान और सफलता पाने की उम्मीद में मंदिर पहुंचे।

मंदिर के मुख्य पुजारी गोपाल मिश्रा ने बताया कि नवरात्र के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा, “मां का यह रूप सौम्य और करुणामयी है। मां स्कंदमाता भक्तों की हर पुकार सुनती हैं और उन्हें विशेष फल प्रदान करती हैं।

पूरे दिन मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा और देर रात तक दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। भक्ति, विश्वास और आस्था से सराबोर काशी के बागेश्वरी मंदिर में शुक्रवार का दिन मां स्कंदमाता की आराधना को समर्पित रहा।।।

RELATED ARTICLES

Most Popular