HomeUncategorizedनंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, आधी रात जन्मे कृष्ण...

नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, आधी रात जन्मे कृष्ण कन्हाई, गूंजे सोहर गीत, भजन और बधाई

यूपी हेड : अमर नाथ साहू

वाराणसी: महादेव की नगरी काशी में लीलाधर श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम रही। मंदिरों, कारागार, पुलिस थानों और घरों में हर्षोल्लास और श्रद्धा-भक्ति के साथ जन्माष्टमी मनाई गई। आधी रात को भगवान कृष्ण के जन्म की घोषणा होते ही गूंजा ….नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की। भजन के साथ सोहर और बधाई गीतों पर भक्त झूमते नजर आए।

दुर्गाकुंड स्थित भगवान श्रीकृष्ण के इस्कॉन मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहां भक्तों के बीच कन्हैया की जय-जयकार गूंजती रही। दो दिनों तक चलने वाले इस जन्मोत्सव की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू हो गई थीं, जिसमें पुजारी और भक्त मिलकर उत्साहपूर्वक जुटे हुए थे।

शनिवार की सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर में भजन और कीर्तन का दौर चलता रहा। एक भक्त ने बताया कि इस बार पिछले दो वर्षों की तुलना में भीड़ अधिक है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, जन्माष्टमी के दर्शन के लिए मंदिर पूरी रात खुला रहा। इस अवसर पर शुद्ध घी से बना कई कुंतल हलवा भक्तों में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।

मंदिर में भक्ति, कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनमोहक दर्शन का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध विसुद्ध बैंड (IIT BHU के पूर्व छात्र) द्वारा हरे कृष्ण कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जो भक्तों को मंत्रमुग्ध करता रहा। इसके अलावा, वाराणसी के प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा भक्ति-भाव से ओतप्रोत नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भक्तों को भगवान को झूला झुलाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का जीवंत चित्रण और एलईडी प्रस्तुति के माध्यम से ध्वनि, प्रकाश और दृश्यों के साथ मनोहारी प्रदर्शन किया गया।

इस बार भगवान को पहनाए जाने वाले वस्त्र वृंदावन से विशेष रूप से मंगवाए गए थे। लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचें, जिसके लिए लगभग 2 किलोमीटर लंबी लाइन लगी हुई थी। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की घोषणा के साथ ही भक्त भक्ति के आनंद में डूब गए। भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया।।।

RELATED ARTICLES

Most Popular