चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र में एक महिला ने चार लोगों पर धोखाधड़ी कर पति की जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जलालपुर गांव की रहने वाली मुनकी देवी ने रविवार को जंसा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके और उनके पति के कोई संतान नहीं है। उनके पति के नाम कमालपुर गांव में करीब 0.471 हेक्टेयर जमीन का एक हिस्सा है।
मुनकी देवी के अनुसार, तारा देवी, उनके पति शिवधार प्रसाद और उनके साथियों ने जमीन दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने अलग-अलग तारीखों पर आरटीजीएस के जरिए कुल 11.50 लाख रुपये ले लिए।
आरोप है कि 28 अक्टूबर 2024 को आरोपियों ने दंपती को रजिस्ट्री कार्यालय गंगापुर ले जाकर रुपये की लिखा-पढ़ी कराने का झांसा दिया। लेकिन, वहां पति के नाम की जमीन का दानपत्र तारा देवी के नाम करा दिया गया।
बाद में आरोपियों ने जमीन वापस करने के लिए 50 लाख रुपये या दो बिस्वा जमीन की मांग की।
मुनकी देवी का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पहले कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने तारा देवी, शिवधार, काशीनाथ और छोटे लाल के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और अपनी व पति की सुरक्षा की मांग की है।
जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।



