चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

बड़ागांव ब्लॉक क्षेत्र के धवकलगंज बस स्टॉप पर जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां बारिश का पानी जमा होने से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है।
स्थानीय लोगों, जिनमें शंकर, अजय और पंकज शामिल हैं, ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। जमा पानी में सड़न पैदा होने से पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है। इस बदबू के कारण दुकानदारों और बस स्टॉप पर आने वाले यात्रियों को काफी दिक्कत हो रही है। कीचड़ के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने का खतरा बना रहता है।
धवकलगंज बस स्टॉप इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां से बाबतपुर, बड़ागांव, अनेई, साधोगंज, कपसेठी और कछवां जैसे विभिन्न स्थानों के लिए बसें चलती हैं। रोजाना बड़ी संख्या में यात्री यहां से आवागमन करते हैं, लेकिन जलभराव और कीचड़ के कारण उन्हें बसों तक पहुंचने में कठिनाई होती है।
स्थानीय दुकानदारों ने इस समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया है। उनका कहना है कि यदि नाला बनाकर पानी की उचित निकासी की व्यवस्था की जाए, तो बारिश के दौरान होने वाले जलभराव और गंदगी की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
लोगों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि धवकलगंज बस स्टॉप पर जल्द से जल्द नाला निर्माण, जल निकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे यात्रियों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सकेगी।



