चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ – प्रदीप साह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवा हेलीपैड पर भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर की टचडाउन रिहर्सल की गई। हेलीकॉप्टर के उतरने के दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान अरविंद टेक्सटाइल इकाई का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए हेलीपैड से लेकर उद्घाटन स्थल तक सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
खोचवा में बनाए गए 5 हेलीपैड
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर खोचवा में कुल पांच हेलीपैड तैयार किए गए हैं। इनमें तीन हेलीपैड प्रधानमंत्री के लिए निर्धारित हैं, जबकि दो हेलीपैड कुछ दूरी पर मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट लोगों के लिए बनाए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसपीजी ने हेलीपैड और उद्घाटन स्थल को अपनी निगरानी में ले लिया है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी मुस्तैद रखने की तैयारी की गई है।
पुलिस, दमकल और एंबुलेंस तैनात
निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजातालाब शांतुन कुमार सिनसिनवार, एसीपी राजातालाब वीर सिंह, तहसीलदार संत विजय सिंह, नायब तहसीलदार संग्राम सिंह, मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा और कछवां रोड चौकी प्रभारी संदीप सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मौके पर मिर्जामुराद पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस को भी मुस्तैद रखा गया है। प्रशासन प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है



