चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो : अजय लखमानी

वाराणसी: गंगा घाटों की नगरी काशी में नवरात्रि का उत्सव भक्ति और परंपरा के संग विशेष रौनक बिखेरता है। इसी क्रम में केदारघाट स्थित केदार स्पोर्टिंग क्लब बीते कई दशकों से अनोखी और भव्य दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना करता आ रहा है। क्लब द्वारा बनाई गई प्रतिमाएं न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होती हैं, बल्कि अपने अनूठे स्वरूप के कारण लोगों के आकर्षण का भी मुख्य कारण बनती हैं।
केदार स्पोर्टिंग क्लब ने वर्ष 1981 से प्रतिमा स्थापना की परंपरा शुरू की थी, जो अब लगातार हर साल भव्य रूप से निभाई जाती है। खास बात यह है कि यहां प्रतिमाओं का निर्माण हर वर्ष अलग-अलग वस्तुओं से किया जाता है। अब तक क्लब ने केला पत्ता, पंचमेवा, दाल और कई अन्य प्राकृतिक व घरेलू सामग्रियों से मां दुर्गा की प्रतिमाएं बनवाई हैं। इस बार प्रतिमा ‘धूपम्’ से तैयार की गई है, जिसने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया है।
क्लब के सदस्य संतोष गुप्ता ने बताया कि प्रतिमा निर्माण में इको-फ्रेंडली तत्वों का विशेष ध्यान रखा जाता है। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक करना है। इस पहल से लोगों में यह संदेश जाता है कि पूजा-पाठ और परंपराएं निभाते हुए भी प्रकृति का सम्मान और संरक्षण किया जा सकता है।
नवरात्रि के दौरान यहां तीन दिनों तक विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन और भंडारे का आयोजन होता है। दूर-दूर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु प्रतिमा के दर्शन करते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं। हर साल लाखों की संख्या में भक्त यहां आकर मां के चरणों में नमन करते हैं। इस तरह केदार स्पोर्टिंग क्लब की यह अनूठी पहल धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और पर्यावरण संरक्षण को एक सूत्र में पिरोते हुए नवरात्रि के उत्सव को और भी भव्य और सार्थक बना रही है।।।



