चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ़ – प्रदीप साह

श्रावण के दूसरे सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। हालांकि, इस दौरान कई श्रद्धालुओं को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा।
मध्य प्रदेश से अपने पांच साल के बेटे के साथ कांवड़ लेकर पहुंचे एक श्रद्धालु ने बताया कि वह करीब चार घंटे से गेट नंबर-4 पर खड़े हैं। उन्होंने कहा, “मैं प्रयागराज से 80 लीटर जल लेकर आया हूं, लेकिन अब मुझे अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। इतना भारी कांवड़ लेकर घंटों लाइन में लगना भी संभव नहीं है। अब मैं क्या करूं? अगर ऐसी ही व्यवस्थाएं रहीं तो यह मेरा आखिरी साल होगा।”
वहीं, असम से आए कुछ कांवड़ियों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि बाबा वैद्यनाथ धाम में जलपान और श्रद्धालुओं के चलने के लिए बेहतर व्यवस्था थी, लेकिन यहां उन्हें ऐसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
कांवड़ियों ने बताया कि पानी मांगने पर उन्हें 10 रुपये की बोतल खरीदनी पड़ रही है। इसके अलावा तेज धूप में घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त छांव की व्यवस्था भी नहीं की गई है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में आने वाले कांवड़ियों और भक्तों को देखते हुए प्रशासन को पेयजल, छांव और सुगम दर्शन की बेहतर व्यवस्था करनी चाहिए थी।



