ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। रसड़ा क्षेत्र में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली, हालांकि कुछ समय के लिए सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। आपको बताते चलें कि दोपहर बाद शाम के तकरीबन पांच बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं, जिसके बाद आसमान में काले बादल छा गए, चारों तरफ़ अंधेरा छा गया।
इसके बाद बारिश शुरू हो गई।
पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद इस बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों तक क्षेत्र में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
एसडीएम रसड़ा रवि कुमार ने की अपील
उपजिलाधिकारी रसड़ा रवि कुमार ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहें। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
आंधी-तूफान और बारिश ने गर्मी से राहत प्रदान की है, लेकिन तेज हवाओं के मद्देनजर सावधानी बरतना आवश्यक है।



