चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ – प्रदीप साह

वाराणसी में एयर शो के तीसरे दिन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंचे। उनके आगमन के दौरान वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो की दो उड़ानों को उतरने की अनुमति नहीं मिली। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए दोनों फ्लाइटों को लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रधानमंत्री को लेकर आ रहा भारतीय वायुसेना का विशेष विमान जब एयरपोर्ट पर उतरने वाला था, उसी दौरान इंडिगो की दिल्ली से वाराणसी आने वाली फ्लाइट संख्या 6E5025 और हैदराबाद से वाराणसी आने वाली फ्लाइट संख्या 6E915 भी वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंच गईं। सुरक्षा कारणों से दोनों को वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई।

दिल्ली की फ्लाइट आसमान में लगाती रही चक्कर
दिल्ली से आने वाली फ्लाइट सुबह करीब 9:25 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंच गई थी। उतरने की अनुमति नहीं मिलने पर विमान आसमान में दो-तीन बार चक्कर लगाता रहा। इसके बाद एटीसी ने सुबह 9:40 बजे उसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया। हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट भी 9:40 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंची, लेकिन उसे भी अनुमति नहीं मिली और लखनऊ भेजना पड़ा।

समय से पहले उड़ीं दोनों फ्लाइट
एयरलाइंस के शेड्यूल के अनुसार 6E 5025 दिल्ली से 8:15 बजे उड़ान भरकर 9:45 बजे वाराणसी पहुंचती है। रविवार को यह फ्लाइट 8:30 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। वहीं हैदराबाद की फ्लाइट प्रतिदिन 9:00 बजे उड़ान भरकर 10:15 बजे वाराणसी पहुंचती है, लेकिन प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए रविवार को यह 8:30 बजे ही हैदराबाद से रवाना हुई थी।
11 बजे से 2 बजे तक नोटम
इस बारे में एयरपोर्ट निर्देशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा कारणों से दोनों विमानों को डायवर्ट किया गया। एयर शो के चलते 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एयरपोर्ट पर नोटम जारी है। इस दौरान तीन घंटे तक किसी भी यात्री विमान की लैंडिंग और टेकऑफ नहीं होगी। ऐसे में दोनों विमान दोपहर 2:00 बजे के बाद ही वाराणसी आ सकेंगे।



