चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चंदन रंजीत यादव

वाराणसी में यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए निर्माणाधीन रोप-वे परियोजना के दूसरे चरण का परीक्षण शुरू हो गया है। रथयात्रा-गोदौलिया रूट पर लक्सा स्थित टावर-26 तक गंडोला के तारों के एलाइनमेंट (संरेखण) की प्रारंभिक जांच की जा रही है।
योजना के तहत जल्द ही इस परीक्षण का विस्तार गोदौलिया तक किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, तारों के एलाइनमेंट का परीक्षण करीब एक महीने तक चलेगा। इसके बाद रोप-वे की क्षमता और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए लोड टेस्टिंग की जाएगी।
नेशनल हाइवेज लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) के अधिकारियों ने बताया कि 15 नवंबर से गोदौलिया तक तारों के एलाइनमेंट का ट्रायल शुरू करने की तैयारी है। दूसरे चरण में अब तक परीक्षण के दौरान कोई शिकायत सामने नहीं आई है। एलाइनमेंट की जांच पूरी होने के बाद गंडोलों पर निर्धारित वजन रखकर उनकी क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।
बालू की बोरियों से होगी वजन उठाने की जांच
लोड टेस्टिंग के दौरान एक गंडोला में अधिकतम 80 किलोग्राम वजन की बालू की बोरी रखकर परीक्षण किया जाएगा। इससे गंडोला, तारों और संबंधित तकनीकी व्यवस्था की निर्धारित भार के साथ कार्य करने की क्षमता की जांच होगी। इसके बाद अगले महीने से डमी यात्रियों यानी परियोजना से जुड़े स्टाफ को गंडोलों में बैठाकर भी वजन परीक्षण किए जाने की तैयारी है। इस प्रक्रिया में सुरक्षा और संचालन से जुड़े निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी।
पहले चरण में कैंट से रथयात्रा तक पूरी हुई जांच
रोप-वे परियोजना के पहले चरण में कैंट से रथयात्रा के बीच सभी निर्धारित मानकों की जांच पूरी हो चुकी है। अब दूसरे चरण में रथयात्रा से गोदौलिया के बीच परीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। एलाइनमेंट और लोड टेस्टिंग जैसे चरण पूरे होने के बाद ही संबंधित तकनीकी मानकों के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।



