चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान शुक्रवार को सदर तहसील स्थित मतदान केंद्र पर सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। दोपहर करीब एक बजे हुए हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आशुतोष सिन्हा मतदान केंद्र के अंदर जाकर मतदाताओं से हाथ जोड़कस्वोट मांग रहे थे। वहीं, सपा नेताओं ने इसे भाजपा की हार की हताशा बताते हुए प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने चुनाव निरस्त कर दोबारा मतदान कराने की मांग की।
सपा के सांसद वीरेंद्र सिंह ने भाजपा पर चुनाव के दौरान विवाद करने और पुलिसकर्मियों को अपने पक्ष में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

पूर्व मंत्री मनोज राय ने चुनाव निरस्त करने की मांग की
सपा के पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि मतदान केंद्र पर वीडियो रिकॉर्डिंग हो रही है। उन्होंने मांग की कि घटना की जांच कराई जाए और यदि इस तरह चुनाव प्रभावित किया जा रहा है, तो चुनाव निरस्त करके दोबारा मतदान कराया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन भाजपा की मदद कर रहा है। हालांकि, प्रशासन की भूमिका और चुनाव प्रभावित होने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मनोज राय ने कहा कि जब भाजपा हारने लगती है, तो इस तरह की घटनाएं करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग प्रशासनिक अधिकारियों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से बदतमीजी कर रहे हैं।
सांसद वीरेंद्र सिंह बोले- भाजपा को हार दिखती है तो झगड़ा करती है
चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव शिक्षक रहे थे और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम करते थे। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं को सदन के अंदर, सदन के बाहर और सरकार में रहते हुए उठाया। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इसी वजह से शिक्षक समाज समाजवादी पार्टी को शिक्षा और शिक्षकों के हित में काम करने वाली पार्टी मानता है।
वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जब भाजपा को अपनी हार दिखाई देने लगती है, तो उसके प्रत्याशी या समर्थक विवाद करने लगते हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी सरकारी कर्मचारी के बजाय भाजपा के कार्यकर्ता की तरह व्यवहार कर रहे हैं।
कई भाजपा नेता सपा ने आना चाहते है- वीरेंद्र सिंह
सांसद ने यह भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के कई विधायक समाजवादी पार्टी में आना चाहते हैं, ऐसे नेताओं कि संख्या दर्जनों में है। लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अभी उनके लिए दरवाजे नहीं खोले हैं।
भाजपा बोलीं- बूथ के अंदर वोट मांग रहे थे आशुतोष
सिन्हा
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा मतदान केंद्र के अंदर जाकर मतदाताओं से वोट मांग रहे थे, जो नियमों के खिलाफ है। इसी बात को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई और हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी पर बिरादरीवाद करने का आरोप भी लगाया। विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई।
फिलहाल, भाजपा कार्यकर्ताओं के आरोपों, सपा नेताओं के दावों और पुलिस की भूमिका की पुष्टि संबंधित अधिकारियों के बयान और मतदान केंद्र की वीडियो रिकॉर्डिंग से की जानी बाकी है।



