चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी में अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम से विश्व शांति, सौहार्द और मानवता के कल्याण की कामना की गई। बाबा विश्वनाथ के दरबार में वैश्विक शांति, भाईचारे और हिंसा से मुक्ति के लिए प्रार्थना की गई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में धाम परिसर में भारत माता की प्रतिमा के समक्ष ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ का आशीर्वाद मांगा गया।
इस दौरान दुनिया में शांति, अहिंसा और आपसी सद्भाव कायम रखने के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की गई। राजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में काशी सदैव ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ का संदेश देती रही है। उन्होंने कहा कि मानवता के कल्याण के लिए दुनिया को करुणा, संयम और सहअस्तित्व का मार्ग अपनाने की जरूरत है।
सैकड़ों नागरिक हुए शामिल, विश्व कल्याण की कामना
शांति प्रार्थना में शिवानंद दीक्षित, विश्वनाथ धवन, रेखा दीक्षित, श्रीनिवास, अन्नपूर्णा देवी और विकास कुमार सहित सैकड़ों नागरिक शामिल हुए। सभी ने विश्व में शांति, भाईचारे और मानवता की भावना मजबूत होने की कामना की।




