चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी पुलिस ने चौबेपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव में हुई मारपीट और 55 साल के आजाद मिश्रा (उर्फ राममुरत मिश्रा) की मौत के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चौबेपुर पुलिस ने हत्या के मुकदमे में नामजद आरोपी नागेंद्र मिश्रा को पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 10 सितंबर 2026 को हुई थी। रुस्तमपुर गांव के आजाद मिश्रा के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौज की और फिर घूंसों से मारपीट की। इस हमले में आजाद मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर और शव पर मिले निशानों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने मामले की जांच का भरोसा दिया था।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के आदेश पर वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में चौबेपुर पुलिस टीम ने 11 सितंबर 2026 को सुबह करीब 06:25 बजे कार्रवाई की।
पुलिस ने संदहा भट्ठा मैदान के पास से नामजद आरोपी नागेंद्र मिश्रा को गिरफ्तार किया। नागेंद्र मिश्रा की उम्र करीब 41 साल है और वह रुस्तमपुर गांव, थाना चौबेपुर का रहने वाला है।
चौबेपुर थाने में आरोपी नागेंद्र मिश्रा के खिलाफ मुकदमा नंबर 0524/2026 दर्ज किया गया है। उस पर धारा 103 (1) और 352 बीएनएस (BNS) लगाई गई हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, उप-निरीक्षक अपराजित सिंह चौहान, कांस्टेबल साहिल सौरभ, कांस्टेबल राजेश कुमार खरवार, रिक्रूट कांस्टेबल पीयूष कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल बब्बनूर शामिल थे।



