ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रसड़ा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने ठगी के शिकार एक व्यक्ति को राहत दिलाते हुए उसके ₹2 हजार वापस करा दिए। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस की तकनीकी कार्रवाई से यह रकम पीड़ित के खाते में वापस पहुंची।
जानकारी के अनुसार, गौरपुरा निवासी संजय कुमार सिंह ने 27 मई 2025 को साइबर ठगी की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 23105250078244 के तहत दर्ज मामले में साइबर ठगों ने फोन कर उन्हें भ्रमित किया और यूपीआई के जरिए कुल ₹85,800 की रकम ठग ली थी।
शिकायत मिलने के बाद रसड़ा थाने की साइबर हेल्प डेस्क ने मामले की जांच शुरू की। साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल राय और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए ठगी की रकम में से होल्ड किए गए ₹2 हजार को चिन्हित किया। इसके बाद MRM पोर्टल के माध्यम से कोर्ट के आदेश के बाद उक्त धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर संजय कुमार सिंह ने बलिया पुलिस और विशेष रूप से रसड़ा पुलिस की कार्यवाही की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी)/नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार यादव और प्रभारी निरीक्षक रसड़ा सुशील कुमार के नेतृत्व में की गई।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, उपनिरीक्षक राहुल राय, उपनिरीक्षक शिवम् कुमार, मुख्य आरक्षी अमरदीप यादव, आरक्षी प्रिंस प्रजापति, आरक्षी संगम प्रजापति और महिला आरक्षी काव्या चौधरी शामिल रहे।



