चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

बाबतपुर के सगुनहां चौराहे पर मंगलवार को दिनदहाड़े एक हैरान करने वाली घटना हुई। एक टेम्पो चालक सवारी का सामान लेकर फरार हो गया, जबकि यात्री चिल्लाता रह गया। यह घटना तब हुई जब यात्री टेम्पो से उतर रहा था।
मंगारी बाजार की एक दुकान में सेल्समैन राजकुमार केसरी (38) मंगलवार को भोजूबीर से दो पेटी सामान लेकर बाबतपुर आने के लिए टेम्पो में बैठे थे। सगुनहां चौराहे पर पहुंचने के बाद राजकुमार टेम्पो से उतरे और अपना सामान उतारने लगे।
इसी दौरान टेम्पो चालक ने अचानक गाड़ी दौड़ा दी। राजकुमार कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों पेटियां टेम्पो में रखी रह गईं। वह शोर मचाते हुए टेम्पो के पीछे दौड़े, लेकिन चालक ने रफ्तार कम नहीं की और सामान समेत फरार हो गया।
राजकुमार टेम्पो का नंबर भी नोट नहीं कर पाए थे। उन्होंने पुराने बाबतपुर चौराहे तक टेम्पो की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। राजकुमार के अनुसार, दोनों पेटियों में टिफिन, पानी के जग, प्रेस और ड्रेस समेत हजारों रुपये का सामान था।

घटना के बाद राजकुमार ने बाबतपुर पुलिस चौकी पहुंचकर अनजान टेम्पो चालक के खिलाफ सूचना दी। पुलिस के सामने अब यह सवाल है कि क्या चालक की नजर पहले से सामान पर थी, या मौका मिलते ही उसने लालच में ऐसा किया। टेम्पो का नंबर नहीं होने के कारण चालक तक पहुंचना पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान करने की उम्मीद कर रही है।




