HomeUncategorizedBHU में हेल्प डेस्क हटाने पर हंगामा: NSUI कार्यकर्ताओं की प्राक्टोरियल बोर्ड...

BHU में हेल्प डेस्क हटाने पर हंगामा: NSUI कार्यकर्ताओं की प्राक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों से बहस; धक्का-मुक्की का आरोप

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में नए विद्यार्थियों के लिए लगाए जा रहे हेल्प डेस्क को लेकर रविवार को विवाद हो गया। NSUI BHU के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनका हेल्प डेस्क हटवा दिया। विरोध करने पहुंचे कार्यकर्ताओं की प्राक्टोरियल बोर्ड कार्यालय में सुरक्षाकर्मियों से बहस भी हुई। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर छात्र संगठनों के साथ समान व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया।

NSUI कार्यकर्ताओं के मुताबिक, हेल्प डेस्क नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की मदद के लिए लगाया गया था। यहां प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम, छात्रावास, छात्रवृत्ति, विभाग और विश्वविद्यालय की अन्य प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी दी जा रही थी। संगठन का कहना है कि यह किसी राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा नहीं था।

नए विद्यार्थियों की सहायता के लिए लगाया गया था हेल्प डेस्क

NSUI BHU के कार्यकर्ताओं के मुताबिक, विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को कई तरह की जानकारी की आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, विभिन्न पाठ्यक्रमों, छात्रावास, छात्रवृत्ति, विभागों की जानकारी तथा विश्वविद्यालय से जुड़ी अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा था।

छात्र संगठन का कहना है कि हेल्प डेस्क किसी राजनीतिक गतिविधि के बजाय विद्यार्थियों की सहायता का माध्यम था। ऐसे में यदि विश्वविद्यालय प्रशासन को परिसर में हेल्प डेस्क लगाने को लेकर कोई आपत्ति या निर्धारित नियम है, तो उसे सभी छात्र संगठनों पर समान रूप से लागू किया जाना चाहिए।

हेल्प डेस्क हटाने के दौरान धक्का-मुक्की का आरोप

NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हेल्प डेस्क हटाने के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के कर्मचारियों और प्राक्टोरियल सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मियों द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई। कार्यकर्ताओं का यह भी आरोप है कि बैनर-पोस्टर और कुर्सियां हटाने अथवा कब्जे में लेने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद छात्र कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और विरोध दर्ज कराया। इसके बाद NSUI सहित अन्य छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता अपनी शिकायत लेकर प्राक्टोरियल बोर्ड कार्यालय पहुंचे।

कई कार्यकर्ता रहे मौजूद

विरोध और शिकायत दर्ज कराने के दौरान NSUI BHU की ओर से मुरारी यादव, आशुतोष, विवेक, आलोक, प्रियदर्शन मीना, निक्सन, प्रिंस, निशांत गुप्ता और वैभव जायसवाल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular