चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो – राकेश सदेजा

वाराणसी के कश्मीरी गंज क्षेत्र में जलजमाव और नाली के गंदे पानी की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का शुक्रवार को आक्रोश फूट पड़ा। कॉलोनी के निवासी, स्थानीय लोग और बटुक एकजुट होकर प्रधानमंत्री जन संपर्क कार्यालय के बाहर पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान लोगों ने जमीन पर बैठकर नारेबाजी की और क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों का आरोप है कि कश्मीरी गंज कॉलोनी में जलजमाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नालियों का पानी सड़क पर बहने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
बच्चों और बटुकों को भी हो रही परेशानी
अखिलेश मिश्रा ने बताया कि सड़क पर नाली का पानी बहने और जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों के साथ-साथ वेद की शिक्षा ग्रहण करने जाने वाले बटुकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। रोजमर्रा के आवागमन में लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धार्मिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए आने-जाने वाले बच्चों और बटुकों को भी इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों ने स्थानीय पार्षद के प्रति भी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि क्षेत्र की समस्या को लेकर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जलनिकासी की व्यवस्था को दुरुस्त कर सड़क पर जमा होने वाले पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।
मौके पर पहुंची पुलिस
विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों से बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। अधिकारियों की ओर से लोगों को आश्वासन दिया गया कि उनकी कॉलोनी में जलनिकासी और जलजमाव से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद प्रदर्शनकारी मौके से हट गए।




