HomeUncategorizedछात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर रामनगर पुलिस का संवाद कार्यक्रम, प्रतियोगी...

छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर रामनगर पुलिस का संवाद कार्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू

वाराणसी। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों द्वारा शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं से नियमित संवाद कर उन्हें मार्गदर्शन एवं प्रेरणा देने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के कुशल नेतृत्व एवं पुलिस उपायुक्त जोन काशी के निर्देशन में थाना रामनगर पुलिस द्वारा राधा किशोरी बालिका इंटर कॉलेज, रामनगर में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन काशी गौरव बंसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर मेहनत के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाओं और समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। छात्राओं द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन की रणनीति और सफलता प्राप्त करने के संबंध में विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका अधिकारियों ने सरल एवं उपयोगी तरीके से समाधान बताया।

पुलिस उपायुक्त गौरव बंसवाल ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, आत्मविश्वास, नियमित अध्ययन और समय का सदुपयोग बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, निरंतर प्रयास और समाज के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या साधना राय, सहायक अध्यापिका सीमा शर्मा, अंजलि शर्मा सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी सहभागिता की और इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रमों की सराहना की।

इस अवसर पर थाना रामनगर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र सहित पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करना, आत्मविश्वास बढ़ाना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular