चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी पुलिस ने सोमवार की सुबह मुठभेड़ के दौरान बाइक सवार बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाश का साथी फरार हो गए। पैर में गोली लगने से घायल हुए बदमाश को अस्पताल लाया गया।
पूछताछ में वह श्रेया हत्याकांड के मुख्य आरोपी का दोस्त निकला। जांच में पता चला कि मऊ निवासी पुनीत मिश्रा श्रेया हत्याकांड में शामिल है और श्रेया की हत्या के लिए उसने अपने दोस्तों को लाखों रुपए का लालच दिया था। हालांकि परिवार ने पुलिस की कहानी और आरोपी को पहचानने से इनकार कर दिया है।
मुठभेड़ में घायल पुनीत मिश्रा के पास से पुलिस ने 315 बोर का असलहा, कुछ जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान स्पलेंडर बाइक सवार एक अन्य अपराधी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार पुनीत मिश्रा ने वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथ शामिल अन्य साथियों को रुपये देने का लालच दिया था। पुलिस हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और पुनीत की ओर से दिए गए लालच के संबंध में भी जांच कर रही है।
आरोपी की 6 जिले और 2 राज्यों में तलाश, 150 सीसीटीवी खंगाले
रोहनिया के बच्छांव में एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय का हत्यारोपी विवेक चौबे लगातार लोकेशन बदल रहा है। वारदात के चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं और तलाश जारी है। 20 अगस्त को शव मिलने के बाद पुलिस ने करीब 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है।
घटना के बाद से आरोपी का मोबाइल बंद है। वह लगातार ठिकाने बदल रहा है। उसके रिश्तेदारों, परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। एसओजी समेत चार टीमें लगाई गई हैं। इसके बावजूद आरोपी का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
आसपास के इलाकों में लगे करीब 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है। कुछ फुटेज में आरोपी के दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस अब घटना से पहले और बाद की उसकी गतिविधियों को जोड़कर संभावित रास्ते तलाश रही है।
विवेक चौबे की तलाश अब वाराणसी तक सीमित नहीं है। पुलिस आसपास के छह जिलों में उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा दो राज्यों में भी उसकी तलाश की जा रही है। एसओजी समेत चार टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर काम कर रही हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ जमीनी स्तर पर मिली जानकारी को जोड़कर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।



